
PARDARSHI VIKASH NEWS जयपुर। एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने शुक्रवार सुबह राजस्थान के 20 से अधिक शहरों में एक साथ छापेमारी कर 28 संदिग्धों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई पाकिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए की गई। सभी संदिग्धों से अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर पूछताछ की जा रही है।एटीएस की जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को ऑनलाइन गेम, जल्दी पैसा कमाने और गैंगस्टर जैसी जिंदगी का लालच देकर अपने संपर्क में लाता था। इसके बाद उनसे देश के संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और अन्य जानकारियां जुटाई जाती थीं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उसके निशाने पर खासकर भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों के युवा रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, एटीएस लंबे समय से सोशल मीडिया पर भट्टी को फॉलो करने वाले लोगों पर नजर रखे हुए थी। शुक्रवार की कार्रवाई में ऐसे ही कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। उनके सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। एजेंसियों का मानना है कि भट्टी का नेटवर्क राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ है।सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि राजस्थान में भट्टी के स्लीपर सेल सक्रिय हैं और हवाला के जरिए उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाई जा रही है। इसी धन का इस्तेमाल भारत विरोधी गतिविधियों में किए जाने की आशंका जताई गई है।जांच में यह भी सामने आया है कि शहजाद भट्टी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन, विदेशी पिस्टल और विस्फोटक सामग्री भारत भेजने की कोशिश कर रहा था। पिछले कुछ महीनों में राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर और बाड़मेर समेत कई सीमावर्ती जिलों से उसके संपर्क में रहने वाले कई लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। फिलहाल एटीएस की कार्रवाई जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।