
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत गुरुवार को राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय और राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 714 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 395 का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ।रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, अमेजन, जेप्टो, आदित्य बिरला और अशोक लेलैंड सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि और विशिष्ट अतिथि अमेठी ब्लॉक प्रमुख घनश्याम चौरसिया ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यता के अनुरूप अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने बताया कि मेले का उद्देश्य युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। आयोजन में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक की प्रधानाचार्य रश्मि शुक्ला, टीपीओ अंजलि द्विवेदी, कौशल विकास मिशन के कर्मचारी, कंपनी प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।