news-details

राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में गोरखपुर मंडल ओवरऑल चैंपियन

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो  कुशीनगर। 36वीं राज्य स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता सत्र 2025-26 में गोरखपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 9 मार्च से 11 मार्च 2026 तक डॉ भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में संपन्न हुआ।शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य के प्रतिनिधित्व में राज्य चैंपियन ट्रॉफी जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर एवं मुख्य विकास अधिकारी बंदिता श्रीवास्तव को भेंट की गई।राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद कुशीनगर ने कुल 178 अंक अर्जित किए। शूटिंग, फुटबॉल, ताइक्वांडो, कुश्ती, जूडो, बॉक्सिंग, तैराकी, हैंडबॉल, एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक संगीता सिंह, खेल नोडल डॉ प्रभात चंद्र राय, रजनीश कुमार द्विवेदी तथा अनिल कुमार मिश्र के नेतृत्व में प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता में कुशीनगर के खिलाड़ियों ने 31 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। शूटिंग प्रतियोगिता में आशिया खातून ने स्वर्ण, सुमन एवं अंशु यादव ने रजत तथा स्वीटी शर्मा ने कांस्य पदक प्राप्त किया। फुटबॉल बालक वर्ग की टीम विजेता रही।ताइक्वांडो में विनीता ने स्वर्ण, आनंद प्रजापति ने रजत तथा रोहित राजभर ने कांस्य पदक हासिल किया। कुश्ती में पुजारी और बादल ने स्वर्ण पदक जीते जबकि शिवम गुप्ता ने कांस्य पदक अपने नाम किया। जूडो में शिवम गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीता।बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अमन प्रसाद, दिलखुश, आनंद राय एवं श्याम कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया, जबकि सागर और बादल ने रजत पदक हासिल किए। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जनपद कुशीनगर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।इस उपलब्धि पर सांसद विजय कुमार दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, विधायक मनीष कुमार जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षाविदों, खेल प्रशिक्षकों और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।