
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के लालबंगला मार्केट में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर ब्रांडेड कपड़े, महंगे परफ्यूम, एसी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।श्यामनगर निवासी दुकान संचालक प्रिंस गुप्ता के मुताबिक उनकी ‘ट्रेंडजिल्ला’ नाम से दुकान है। बुधवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। दो दिन पहले ही उन्होंने ब्रांडेड कपड़ों का नया स्टॉक मंगाया था। गुरुवार सुबह मकान मालिक आदित्य वर्मा ने दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर शटर खोला गया तो अंदर तेज लपटें उठ रही थीं।सूचना पर जाजमऊ अग्निशमन केंद्र से दो फायर टैंकर और एक हाई-प्रेशर यूनिट पहुंची। दमकल कर्मियों ने आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोकते हुए काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान संचालक ने दमकल की गाड़ियों के करीब एक घंटे बाद पहुंचने का आरोप लगाते हुए लगभग 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।घटना में किसी के झुलसने या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अग्निशमन विभाग ने इसकी पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है।