
पारदर्शी विकास न्यूज़ आगरा । महिला आरक्षण बिल पास न होने के बाद भाजपा ने कांग्रेस और सपा के खिलाफ जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। सम्मेलन और पदयात्राओं के जरिए महिलाओं को एकजुट कर विपक्ष को घेरा जा रहा है। आगरा में सोमवार को महानगर स्तर पर सम्मेलन आयोजित किया गया, जबकि मंगलवार को सेवला क्षेत्र में पदयात्रा निकाली गई। भाजपा की महिला नेता इस अभियान की कमान संभाले हुए हैं और गली-गली जाकर महिलाओं को संदेश दे रही हैं कि महिला आरक्षण बिल पास न होने के लिए विपक्ष जिम्मेदार है।कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने महिलाओं का अपमान किया है। महिलाएं इसका जवाब आने वाले चुनावों में देंगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण अधिनियम पास न होने देने वालों का समर्थन महिलाएं नहीं करेंगी।मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष ने सिर्फ बिल का नहीं, बल्कि देश की सभी महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि 2027 और 2029 के चुनावों में महिलाएं इसका जवाब देंगी।जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि भाजपा महिलाओं को उनका हक दिलाकर रहेगी। अब महिलाओं की आवाज दबाई नहीं जा सकती और वे अपनी भागीदारी लेकर रहेंगी।