
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर थाने में तैनात एक महिला सिपाही ने पति से विवाद के बाद चूड़ियां पीसकर खा लीं। हालत बिगड़ने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार महिला सिपाही प्रियंका चौधरी घाटमपुर थाने में तैनात हैं, जबकि उनके पति संतोष मेरठ पुलिस में सिपाही हैं। सोमवार देर शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद पति वापस मेरठ चले गए।मंगलवार को ड्यूटी के दौरान प्रियंका की फोन पर पति से दोबारा बातचीत हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उन्होंने चूड़ियां पीसकर खा लीं। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया।घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला सिपाही का उपचार कराया गया है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।