
PARDARSHI VIKASH NEWS पश्चिम बंगाल में नई BJP सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच चुके हैं और जल्द ही न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में BJP विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में पार्टी के सभी 207 नवनिर्वाचित विधायक शामिल होंगे, जहां विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा। यही नेता राज्य का पहला BJP मुख्यमंत्री बनेगा। 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और NDA के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।मुख्यमंत्री पद की रेस में सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे माने जा रहे हैं। उन्होंने नंदीग्राम से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है और पहले भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था।अमित शाह के कोलकाता पहुंचने पर सुवेंदु अधिकारी समेत BJP के कई वरिष्ठ नेताओं ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इसके बाद शाह दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की, फिर न्यू टाउन के नोवोटेल होटल के लिए रवाना हुए, जहां वे दो दिन तक रहेंगे।राज्य में चुनाव परिणाम के बाद राजनीतिक माहौल लगातार गर्म है। BJP की ऐतिहासिक जीत के बाद सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है, जबकि TMC ने इस परिणाम को स्वीकार करने से इनकार करते हुए आरोप लगाया है कि जनादेश के साथ छेड़छाड़ हुई है। ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से भी साफ इनकार कर दिया है।वहीं राज्य में पोस्ट-पोल हिंसा और तनाव की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे हालात संवेदनशील बने हुए हैं। कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन और झड़प की खबरें भी दर्ज की गई हैं।लेफ्ट फ्रंट ने चुनाव के बाद हुई हिंसा के खिलाफ कोलकाता में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। दूसरी ओर BJP नेताओं का कहना है कि यह जीत जनता के जनादेश का परिणाम है और राज्य में नए राजनीतिक युग की शुरुआत होने जा रही है।इसी बीच शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और पूरे देश से कई बड़े नेता कोलकाता पहुंच रहे हैं। पश्चिम बंगाल की राजनीति इस समय निर्णायक मोड़ पर खड़ी है, जहां नई सरकार का गठन राज्य के भविष्य की दिशा तय करेगा।