news-details

परियर में फार्मर रजिस्ट्री कैंप, बड़ी संख्या में पहुंचे किसान

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Unnao

सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के परियर क्षेत्र में रविवार को बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस कैंप में बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया। कैंप का उद्देश्य उन किसानों को सुविधा उपलब्ध कराना था, जिनकी अब तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो सकी थी।

कैंप में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसानों की रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाते हुए मौके पर ही आवेदन पूरे कराए। साथ ही किसानों को दस्तावेजों की जांच, नाम सुधार, भूमि विवरण और अन्य तकनीकी समस्याओं का समाधान भी तत्काल किया गया। इससे किसानों को काफी राहत मिली और उन्हें दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

इस अवसर पर कृषि विभाग की टीम, परियर के लेखपाल प्रदीप कुमार, बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी मीनू बाबा, ग्राम प्रधान पूर्व देवी प्रसाद सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व के बारे में जानकारी दी और समय रहते पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कराने से किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा। इसके जरिए किसान सम्मान निधि, कृषि अनुदान, बीमा योजनाएं तथा अन्य लाभकारी योजनाओं में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित होगी।

कैंप में पहुंचे किसानों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की और कहा कि गांव स्तर पर ऐसे शिविर लगने से समय और धन दोनों की बचत होती है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।