news-details

परियर गांव में पानी संकट, बूंद-बूंद को तरसे लोग

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Unnao

उन्नाव जनपद के सिकंदरपुर सरोसी विकास खंड स्थित परियर गांव में भीषण गर्मी के बीच पानी का गंभीर संकट गहरा गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण मीठे पानी की एक-एक बूंद के लिए दिन-रात संघर्ष कर रहे हैं। गांव में पेयजल व्यवस्था ठप होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों को पानी भरने के लिए करीब एक किलोमीटर दूर कस्बे तक जाना पड़ रहा है। लोग साइकिल, ऑटो और हाथगाड़ी पर बाल्टियां व बर्तन लादकर पानी लाने को मजबूर हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी और पाइपलाइन का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन योजना अधूरी पड़ी है। इसके कारण आज तक घरों तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। ग्रामीणों का आरोप है कि नई योजना के नाम पर पुरानी पाइपलाइन तोड़ दी गई, जिससे पहले मिलने वाला सीमित पानी भी बंद हो गया।

ग्रामीणों के अनुसार गांव लंबे समय से खारे और फ्लोराइड युक्त पानी की समस्या झेल रहा है। पुरानी पानी टंकी भी पिछले एक वर्ष से ध्वस्त पड़ी है। बिजली कटौती ने संकट और बढ़ा दिया है।

ऋषि पांडे, देवी प्रसाद, अभिषेक, प्रदीप, दिलीप, वैभव अवस्थी, दीपक और रवि राठौर सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल पेयजल व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।