
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। विभागीय पदोन्नति परीक्षाओं के नियमों में किए गए बदलावों के विरोध में मंगलवार को आयकर भवन परिसर में आयकर अधिकारियों और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। केंद्रीय संयुक्त कार्रवाई समिति (जेसीए) के आह्वान पर वेस्टर्न उत्तर प्रदेश सर्किल आयकर कर्मचारी महासंघ (ITEF) और आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ (ITGOA) के संयुक्त तत्वावधान में मध्यावकाश के दौरान गेट मीटिंग आयोजित की गई।प्रदर्शन के बाद केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करन को सौंपा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीजीओए के अध्यक्ष एस.के. वर्मा और आईटीईएफ के सर्किल अध्यक्ष बृजेश कुमार ने संयुक्त रूप से की।सभा को संबोधित करते हुए रीजनल सचिव शिवेंदु श्रीवास्तव, सर्किल महासचिव सुनील कुमार, महामंत्री राघवेंद्र सिंह और संयुक्त सचिव शरद प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि विभागीय परीक्षा नियमों में किए गए हालिया संशोधनों से कर्मचारियों के कैरियर उन्नयन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार और सीबीडीटी से कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए इन प्रावधानों पर पुनर्विचार करने की मांग की। गेट मीटिंग में मौजूद कर्मचारियों ने केंद्रीय जेसीए की मांगों का समर्थन करते हुए भविष्य में भी कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।