
पारदर्शी विकास, महोबा।भीषण गर्मी के कारण विद्युत उपकरण भी गर्म हो रहें हैं व्यवस्था को बनाए रखने के विद्युत कर्मचारी टांसफार्मर में पानी का छिड़काव करने में लगे हैं, जिससे विद्युत सप्लाई में कोई समस्या न हो सके।बता दें पनवाड़ी क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण पनवाड़ी विद्युत सब स्टेशन में लगा मुख्य ट्रांसफॉर्मर अत्यधिक गर्म हो रहा है। ट्रांसफॉर्मर के अधिक हीट होने से बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है, जिसे देखते हुए बिजली विभाग के कर्मचारी लगातार सतर्कता बरत रहे हैं। जानकारी के अनुसार इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे विद्युत उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। अधिक लोड और तेज गर्मी के चलते ट्रांसफॉर्मर का तापमान बढ़ने लगा है। ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या ट्रांसफॉर्मर फुंकने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए सब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी समय-समय पर ट्रांसफॉर्मर में पानी का छिड़काव कर रहे हैं ताकि उसका तापमान सामान्य बना रहे और बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से चलती रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली की खपत काफी बढ़ जाती है। दिन और रात में लगातार पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण चलने से लोड अधिक हो रहा है। यदि ट्रांसफॉर्मर में कोई खराबी आती है तो क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है और लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।बिजली विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि विभाग पूरी तरह सतर्क है और ट्रांसफॉर्मर की लगातार निगरानी की जा रही है। समय-समय पर पानी का छिड़काव कर तापमान नियंत्रित रखने का प्रयास किया जा रहा है । क्षेत्रीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि ट्रांसफॉर्मर और अन्य विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराई जाए ताकि गर्मी के कारण किसी बड़ी समस्या से बचा जा सके और लोगों को राहत मिलती रहे।