news-details

पडरौना ब्लॉक में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ

You can share this post!


ग्रामीणों को अब मिलेंगी घर के नजदीक डिजिटल सुविधाएं

पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विकास खंड पडरौना परिसर में नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने इसे ग्रामीणों के लिए एक बड़ी सुविधा बताते हुए कहा कि अब आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए लोगों को जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी तथा सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड आज विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं का आधार बन चुका है, इसलिए इसकी उपलब्धता और अद्यतन व्यवस्था को स्थानीय स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि ब्लॉक परिसर में आधार सेवा केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर संशोधन, बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट तथा अन्य तकनीकी सुधार संबंधी सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा आमजन को त्वरित सुविधा मिलेगी।मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र संचालकों को निर्देश दिया कि आने वाले प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदान की जाए। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनके कार्य संपन्न किए जाएं।नवस्थापित केंद्र पर नए आधार पंजीकरण, आधार अपडेट, बायोमेट्रिक संशोधन तथा अन्य संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। अधिकारियों का मानना है कि यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण और सुशासन को नई गति प्रदान करेगा।उद्घाटन समारोह में खंड विकास अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनीष गुप्ता, सीएससी जिला प्रबंधक गौरव पाण्डेय, सचिन उत्तम यादव, अरुण कुमार गोंड, अभिषेक सिंह, आदेश, अध्ययन, सुधीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।