
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मुंशीगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शंकरगंज चौराहा मोड़ के पास हुआ, जहां प्याज से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया।भंडारे से लौट रहे प्रिंस वर्मा (15), सनी वर्मा (25), राजू वर्मा (24) और अजीत वर्मा हादसे का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजू, प्रिंस और सनी को मृत घोषित कर दिया। अजीत का इलाज जारी है।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। एक ही परिवार से जुड़े तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।