news-details

पेड़ से लटकता मिला तीन दिन से लापता किशोरी का शव

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो 

खड्डा (कुशीनगर)। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के किन्नरपट्टी स्थित कुड़वा नाला के पास एक लीची बाग में रविवार सुबह तीन दिन से लापता 14 वर्षीय किशोरी का शव पेड़ से दुपट्टे के फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

जानकारी के अनुसार माघी कोठिलवा के बलुआ धूमनगर निवासी कीरोधन चौहान की 14 वर्षीय पुत्री निक्की शुक्रवार दोपहर से घर से लापता थी। बताया जाता है कि उसके पिता बाहर रहते हैं, जबकि मां बाबा धाम गई हुई थीं। शनिवार शाम लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार सुबह जटहा बाजार थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की।

इसी दौरान सूचना मिली कि किन्नरपट्टी स्थित कुड़वा नाला के पास लीची बाग में एक किशोरी का शव पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान निक्की के रूप में कराई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों ने किशोरी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौत के कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।