
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र में पिता की डांट से नाराज एक छात्र ने अपने छोटे भाई के साथ मिलकर खुद के अपहरण की झूठी कहानी बना ली। छात्र घर से कोचिंग जाने के बहाने निकला और छोटे भाई से कह दिया कि घर जाकर बता देना कि काली स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया है।छोटे भाई ने भी योजना के अनुसार परिजनों को यही बात बताई। इसके बाद पिता ने थाने पहुंचकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।जांच में सामने आया कि छात्र अकेले अलग-अलग जगहों पर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस को शक हुआ तो छोटे भाई से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने पूरी सच्चाई बता दी।पुलिस के अनुसार, बड़ा भाई पिता की डांट से नाराज था और मुंबई जाने की योजना बनाकर घर से निकला था। इसके बाद पुलिस ने प्रयागराज, सुबेदारगंज और कानपुर जीआरपी की मदद से तलाश शुरू की।करीब 9 घंटे की तलाश के बाद छात्र को उरई रेलवे स्टेशन पर मुंबई जा रही ट्रेन से बरामद कर लिया गया। शनिवार को उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि छात्र का कोई गलत इरादा नहीं था, वह केवल रिश्तेदार के पास जाने के लिए घर से निकला था। अपहरण की सूचना झूठी निकली।