
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में रविवार को नीट-यूजी (NEET-UG) पुनर्परीक्षा प्रशासन की कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 47 केंद्र बनाए गए थे, जहां दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित की गई। एडीएम सिटी सत्यम मिश्र के अनुसार, कुल 22,745 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 21,183 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिससे उपस्थिति 93.13 प्रतिशत रही। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई थी। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक और पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को रोकने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पूरी परीक्षा प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रही। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र से गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई।