
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की अग्नि सुरक्षा जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में बुधवार को प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान की जांच करने पहुंची फायर विभाग की टीम को काफी देर तक बाहर इंतजार करना पड़ा।फायर विभाग की टीम के पहुंचते ही कोचिंग संचालक ने भवन का मुख्य गेट अंदर से बंद कर लिया। करीब आधे घंटे तक अधिकारी गेट खुलने का इंतजार करते रहे। बाद में पुलिस के पहुंचने और बातचीत के बाद गेट खोला गया, जिसके बाद टीम ने जांच शुरू की।यह मामला सिविल लाइंस के मिश्रा भवन चौराहे के पास स्थित एक शैक्षणिक संस्थान का है। फायर विभाग की टीम नियमित निरीक्षण और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए पहुंची थी।जांच के समय भवन के अंदर कर्मचारी, प्रबंधन से जुड़े लोग और छात्र-छात्राएं मौजूद थे। गेट बंद होने की सूचना के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस भी मौके पर पहुंची और संचालक से बातचीत कर गेट खुलवाया।इसके बाद फायर विभाग की टीम ने भवन की जांच की। अधिकारियों ने भवन के उपयोग, अग्नि सुरक्षा उपकरण, निकासी व्यवस्था और अन्य मानकों की जानकारी ली। जांच के दौरान प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ही भवन में पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट, कंप्यूटर कोर्स और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के आने-जाने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि टीम नियमित निरीक्षण के लिए पहुंची थी, लेकिन संस्थान का गेट बंद कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस और पीडीए अधिकारियों को बुलाया गया। उन्होंने बताया कि अग्नि सुरक्षा और भवन से जुड़े सभी मानकों की जांच की जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में हाल की आग की घटनाओं के बाद कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, हॉस्टल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।