news-details

प्रयागराज में अनुपम की पत्नी ने पति के हाथों से भरी आखिरी बार मांग

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार दोस्तों में शामिल अनुपम गुप्ता का शव शनिवार को प्रयागराज स्थित उनके घर पहुंचा तो पूरा माहौल शोक में डूब गया। पत्नी प्रिया पति का शव देखकर बेसुध हो गईं और रोते हुए उनके पास बैठ गईं। इसी दौरान परंपरा के अनुसार एक महिला सिंदूरदान लेकर आई, जिसके बाद रिश्तेदार ने अनुपम की उंगली पर सिंदूर लगाया और प्रिया ने पति के हाथों से अपनी मांग में आखिरी बार सिंदूर भरवाया। इस भावुक दृश्य को देखकर वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। पत्नी प्रिया बार-बार रोते हुए पति के पैर छूती रहीं और कहती रहीं कि अब चूड़ियां कैसे उतारूंगी।यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार को हुआ था जब चार दोस्त शिमला घूमने के लिए टाटा पंच कार से निकले थे। उन्नाव में गंगा एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें अनुपम, उदय सिंह, विजय कुमार और अमन कश्यप की मौत हो गई। शनिवार को तीन दोस्तों का अंतिम संस्कार प्रयागराज के छतनाग घाट पर किया गया, जबकि अमन का अंतिम संस्कार प्रतापगढ़ में हुआ। चारों मृतक अपने-अपने परिवारों में किसी न किसी रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे और इस हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।