news-details

प्रयागराज के कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद प्रयागराज के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा के केंद्र में आ गई है। जिले में संचालित करीब एक हजार कोचिंग संस्थानों में से केवल 16 के पास ही अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र (फायर एनओसी) होने की जानकारी सामने आई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा के अनुसार वर्ष 2023 में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त सूची में 70 पंजीकृत कोचिंग संस्थान दर्ज थे, जिन्हें अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि अब तक सीमित संख्या में ही संस्थान निर्धारित मानकों को पूरा कर सके हैं। अग्निशमन विभाग ने मानकों का पालन न करने वाले संस्थानों को नोटिस भी जारी किए हैं। दूसरी ओर, जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय का कहना है कि 2023 के बाद कई नए कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण हुआ है और अद्यतन आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। शहर के कई कोचिंग सेंटर बहुमंजिला भवनों और संकरी गलियों में संचालित हो रहे हैं, जहां आपातकालीन निकास, फायर अलार्म, अग्निशामक यंत्र और सुरक्षित निकासी मार्ग जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी बताई जा रही है। ऐसे में हजारों छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर व्यापक समीक्षा की मांग उठ रही है।