news-details

प्रयागराज डाकघर में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, एक्सईएन आशीष अग्रवाल रिश्वत लेते गिरफ्तार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के प्रधान डाकघर में गुरुवार को सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग के एक्सईएन आशीष अग्रवाल को डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने कार्यालय में लंबी पूछताछ की और कई दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से भी जानकारी ली गई और कुछ के बयान दर्ज किए गए।जानकारी के अनुसार, डाक विभाग में प्रयागराज के साथ-साथ वाराणसी और गोरखपुर सहित कई जिलों में निर्माण और मरम्मत कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों की देखरेख एक्सईएन आशीष अग्रवाल के जिम्मे थी। आरोप है कि गोरखपुर में हुए निर्माण कार्यों के करीब एक करोड़ रुपये के भुगतान को जारी करने के लिए 20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।बांदा निवासी ठेकेदार सनद मिश्र ने कई करोड़ रुपये के इन निर्माण कार्यों का ठेका लिया था और भुगतान अटका होने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत सीबीआई से की। जांच के बाद सीबीआई ने ट्रैप की योजना बनाई।गुरुवार को सीबीआई टीम सिविल लाइंस स्थित प्रधान डाकघर पहुंची और ठेकेदार को पैसे लेकर भेजा गया। जैसे ही आशीष अग्रवाल ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें उनके कार्यालय और आवास पर भी ले जाकर दस्तावेजों की जांच की गई।सीबीआई ने कई घंटों तक पूछताछ के बाद आरोपित अधिकारी को हिरासत में ले लिया है और डाक विभाग के निर्माण कार्यों से जुड़े सभी भुगतान, बैंक डिटेल और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।