
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बाजार शुकुल विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय लालगंज के प्रधानाध्यापक संजय कुमार कनौजिया पर स्कूल प्रबंधन समिति के खाते से 13,262 रुपये फर्जी हस्ताक्षर के जरिए निकालने का आरोप लगा है। मामले को लेकर अभिभावकों ने भी शिक्षक की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। इसके अलावा प्रधानाध्यापक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है, जिसमें वह कक्षा में मेज पर पैर रखकर मोबाइल पर रील देखते नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी हरिओम तिवारी ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में है। उन्होंने कहा कि जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।