
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद कुशीनगर में उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री एवं प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं।प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह अवधि "संकल्प से सिद्धि" की यात्रा का सशक्त उदाहरण है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रभावी कार्य किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते 12 वर्षों में भारत ने आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति की है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं।मंत्री श्री चौहान ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध कराने तथा निवेश और औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा स्वयं सहायता समूहों को सशक्त करने की योजनाओं को इन उपलब्धियों का आधार बताया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों की बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित हुई है, जिससे उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है। साथ ही देश में सड़क, रेल, हवाई एवं जल परिवहन सहित आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिससे विकास को नई गति मिली है।प्रेस वार्ता के उपरांत मंत्री दारा सिंह चौहान एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर स्थित डीपीआरसी सेंटर में सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित प्रदर्शनी तथा विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन एवं अवलोकन किया।इस अवसर पर विजय कुमार दुबे, आर पी एन सिंह, मनीष जायसवाल, विवेकानंद पांडेय, विनय प्रकाश, मोहन वर्मा, पी.एन. पाठक, दुर्गेश कुमार राय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।