
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अरवल कीरी करवत गांव में सोमवार सुबह पूर्व प्रधान हरिबंश वर्मा का शव घर के पीछे हाते में टिनशेड के नीचे फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार हरिबंश वर्मा पिछले दो वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित थे और बीते कुछ महीनों से उनकी हालत अधिक खराब थी। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।