
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र के सुखबडेरी के पास बुधवार सुबह करीब पांच बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 97.5 के पास तेज रफ्तार आर्टिगा अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और यूपीडा सुरक्षाकर्मियों ने कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।सभी घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। सभी लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। सूचना पर एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।