
सुरक्षा, चोरी और ट्रैफिक व्यवस्था पर बनी रणनीति
पारदर्शी विकाश न्यूज़ ललितपुर। जिले में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में व्यापार सुरक्षा प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। एसपी मो. मुश्ताक के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता एएसपी ने की। बैठक में तालबेहट, महरौनी, मड़ावरा, बार, पाली और जखौरा क्षेत्र के व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने हिस्सा लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा। इस दौरान व्यापार मंडल जिला मंत्री राघवेंद्र सिंह ने शहर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज रफ्तार बाइक चालकों तथा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। इस पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मार्च और अप्रैल 2026 में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 500 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि 23 मोटरसाइकिलों को सीज किया गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बैठक में उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश जैन बडेरा ने शहर में हाल के दिनों में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से रसराज रेस्टोरेंट, राजघाट जैन मंदिर और देवरान जैन मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे की मांग की। इस पर पुलिस प्रशासन ने जानकारी देते हुए बताया कि राजघाट जैन मंदिर चोरी कांड में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में आरोपी बादल पुत्र माधव आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से चोरी किया गया पीली धातु का कलश, श्रीफल और नकदी बरामद की गई है। गोष्ठी में उद्योग मंच प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश सराफ, जिला महामंत्री शैलेन्द्र सिंघई, उपाध्यक्ष रवींद्र दिवाकर, मंत्री समित समैया, डा.संजीव कड़ाकी, शिखरचंद जैन, सुबोध गोस्वामी सारस्वत, रवि चौहान, आत्माराम रिछारिया, अनिल जैन बबड़ी, अखिलेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के साथ नियमित संवाद और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया, वहीं पुलिस अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण और व्यापारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।