news-details

पुलिस और स्वाट टीम ने 24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/जायस।  थाना जायस पुलिस एवं स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए टीम को 15 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। थाना जायस क्षेत्र के रानी हरवंशगंज मजरे मवई आलमपुर निवासी आकाश पुत्र धर्मवीर ने 3 जून को तहरीर देकर बताया कि 2 जून की शाम गांव के ही दुर्गेश, इमरान और अरमान उसके घर की छत के रास्ते अंदर घुस आए।उस समय उसकी पत्नी घर में अकेली थी। आरोपियों ने उसे धमकाकर अलमारी और पेटी की चाबी ले ली तथा उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट भी की गई।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में थाना जायस पुलिस और स्वाट टीम सक्रिय हुई।बधवार को वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी मोटरसाइकिल से मोहनगंज की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर त्रिपुला तिराहे के पास घेराबंदी कर पुलिस ने अरमान पुत्र बाबू तथा दुर्गेश पुत्र रमेश निवासी रानी हरवंशगंज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पावजेब, पायल, बिछिया, हाथफूल, चांदी के टुकड़े, मंगलसूत्र, मांगटीका, नथिया, टॉप्स और झुमकी सहित लूटे गए आभूषण बरामद हुए। साथ ही एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई, जिसके दस्तावेज आरोपी प्रस्तुत नहीं कर सके।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथी इमरान के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि बरामद आभूषण उसी घटना से संबंधित हैं, जबकि कुछ अन्य आभूषण अभी उनके साथी के पास हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी जायस अमरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अतेन्द्र प्रताप सिंह सहित थाना जायस पुलिस एवं स्वाट टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घटना के त्वरित खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।