
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर । जनपद में न्यायालयीन कार्यवाही को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक केशव कुमार द्वारा जनपद के सभी थानों के पैरोकारों (न्यायालय/डाक) की विस्तृत ब्रीफिंग की गई। इस दौरान न्यायालय में लंबित मुकदमों की प्रभावी पैरवी, डाक प्रबंधन, महत्वपूर्ण प्रपत्रों की सुरक्षा तथा समयबद्ध प्रस्तुतीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पैरोकारों को दस्तावेजों एवं डाक के सुरक्षित रख-रखाव के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बैग भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि न्यायालयीन कार्यवाही एवं डाक प्रबंधन पुलिस व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके सुव्यवस्थित संचालन से मुकदमों की सुनवाई में तेजी आएगी तथा जनहित से जुड़े कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न होंगे।एसपी केशव कुमार ने सभी पैरोकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और समयबद्धता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद कुशीनगर पुलिस निरंतर सुधार एवं बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से आमजन की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय के उमेश चन्द्र भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।