
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/जगदीशपुर। पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे "ऑपरेशन चक्रव्यूह" अभियान के तहत थाना जगदीशपुर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।मंगलवार को थाना जगदीशपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उमाशंकर मिश्रा उर्फ गुड्डू मिश्रा (40 वर्ष), निवासी उत्तर गांव, थाना जगदीशपुर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वह मोटरसाइकिल के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने करीब तीन से चार माह पहले अयोध्या रोड स्थित कस्बा जगदीशपुर में डॉ. शुक्ला की दुकान के सामने से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसे अपने घर में छिपाकर रखा था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल (नंबर एमपी-51 बी-7662) बरामद कर ली। आरोपी के विरुद्ध थाना जगदीशपुर में मुकदमा संख्या 238/26, धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक बृजेन्द्र पाल सिंह यादव, कांस्टेबल नीरज कुमार तथा कांस्टेबल सोनू सिंह शामिल रहे।