
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया, 19 अगस्त 2026। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिबियापुर पुलिस ने एक युवक को छह किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा बरामद करने के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार 18/19 अगस्त की रात टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान औरैया की ओर से तेज रफ्तार में एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से छह किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज पुत्र राम सिंह गिहार, निवासी मोहल्ला नारायनपुर कंजड़ बस्ती, थाना कोतवाली औरैया, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने रात करीब 1:05 बजे उसे हिरासत में लिया। मामले में थाना दिबियापुर में मुकदमा अपराध संख्या 329/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है।पुलिस के मुताबिक आरोपी को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। कार्रवाई करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी बिधूना पुनीत मिश्रा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।