news-details

पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में 74 फीसदी अभ्यर्थी शामिल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। उत्तर प्रदेश पुलिस नागरिक आरक्षी भर्ती परीक्षा सोमवार को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में कुल 9,504 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,001 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 2,503 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार लगभग 74 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।पहली पाली में 4,752 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,440 उपस्थित रहे और 1,312 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 4,752 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 3,561 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 1,191 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी एवं नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए थे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई तथा पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। पूरे जिले को तीन जोन एवं 12 सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों तथा पुलिस बल की तैनाती की गई थी।जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे और दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थी प्रश्नपत्र और परीक्षा के अनुभवों को लेकर चर्चा करते दिखाई दिए। प्रशासन ने मंगलवार को होने वाली परीक्षा के लिए भी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की बात कही है।