
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। तहसील क्षेत्र के ग्राम मुढ़ारी में नमामि गंगे योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन में लीकेज के कारण गांव की सड़कों पर गंदा पानी भर गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नलों में पानी कम आता है, जबकि लीकेज से अधिक पानी बहकर सड़क पर फैल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई मोहल्लों में पाइपलाइन तो डाली गई है, लेकिन पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। जिन क्षेत्रों में सप्लाई हो रही है वहां भी गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। इससे लोगों को पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। दीवान साहब, हटवारा, सत्ती मोहाल, पिपरिया, हरिजन बस्ती सहित कई इलाकों में स्थिति खराब बताई जा रही है। वहीं सड़कों पर पानी भरने से रास्ते तालाब जैसे बन गए हैं, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जल्द समस्या समाधान की मांग की है। उपजिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों की जांच कर ली गई है और लीकेज की मरम्मत कराई जा रही है, जल्द ही व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
ग्रामीणों की अधिकांश पानी की समस्या का समाधान किया जा चुका है ठेकेदार ने कहा है कि पानी सप्लाई के समय सुबह लीकेज की समस्या थी जिसे ठीक करा दिया गया है फिर भी यदि किसी मोहल्ले में लीकेज, पेयजलापूर्ति आदि ऐसी समस्याएं हैं तो उन्हें अविलम्ब दूर कराया जायेगा।-उपजिलाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार