
PARDARSHI VIKASH NEWS पंचायत सहायक यूनियन उत्तर प्रदेश के बैनर तले सोमवार को जिले भर के पंचायत सहायकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पंचायत सहायकों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट मनोज सिंह को सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ब्रजेश कुमार मिश्र ने किया।प्रदर्शनकारियों ने मानदेय बढ़ाने, सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान और आवश्यक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग उठाई। पंचायत सहायकों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें मात्र 6 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है, जो बढ़ती महंगाई के दौर में पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से उन्हें स्थायी करने अथवा न्यूनतम मजदूरी के अनुरूप मानदेय निर्धारित करने की मांग की।पंचायत सहायकों ने बताया कि उनसे विभिन्न विभागों के ऑनलाइन और मोबाइल आधारित कार्य कराए जाते हैं, लेकिन इसके लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में उन्हें अपने निजी मोबाइल और अन्य साधनों का उपयोग करना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है।प्रदर्शन के दौरान पंचायत सहायकों ने आरोप लगाया कि कई बार उनका मानदेय छह से सात माह तक लंबित रहता है, जबकि उनसे लगातार कार्य लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों द्वारा कार्य न करने पर नोटिस और हटाने की चेतावनी देकर दबाव बनाया जाता है।पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने तत्काल प्रभाव से पंचायतों से जुड़े मोबाइल आधारित और अन्य ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार की घोषणा भी की। साथ ही कहा कि 15 दिनों के भीतर मांगें पूरी न होने पर 15 जून को लखनऊ के ईको गार्डन में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।प्रदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में पंचायत सहायक शामिल हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।