news-details

ओसा पहाड़ी पर मुशहर वनवासी परिवारों का दर्द: गंदा पानी पीने को मजबूर

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। शंकरगढ़ क्षेत्र की ओसा पहाड़ी पर रहने वाले मुशहर वनवासी परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट यहां के लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गया है। कई परिवारों को मजबूरी में गंदा पानी पीना पड़ रहा है, जबकि बिजली, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी भी उनकी परेशानी बढ़ा रही है।ग्रामीण लंबे समय से प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे थे। मंगलवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शंकरगढ़ मनोज कुमार और उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बारा गणेश कनौजिया ने क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि गर्मी के मौसम में अधिकांश जलस्रोत सूख जाते हैं, जिसके कारण उन्हें दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है। स्वच्छ पेयजल की अनुपलब्धता के चलते स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी लगातार बढ़ रहे हैं। इसके अलावा कई परिवार अब भी बिजली और सरकारी आवास योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, जिससे उन्हें कच्चे और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, आवास और सड़क जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि वर्षों से इन मुद्दों को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देते हुए क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा।उप जिलाधिकारी गणेश कनौजिया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र का सर्वे कराकर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही पेयजल, आवास, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।प्रशासन ने एक सप्ताह के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया है।