news-details

ऑनलाइन गेमिंग ठगी में दो गिरफ्तार

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।ऑनलाइन गेमिंग, स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को रावतपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी दिल्ली में बैठे एक बड़े साइबर ठग को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराते थे।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के पांच बैंक खातों में करीब 14 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। इन खातों के जरिए देश के कई राज्यों से जुड़ी 13 साइबर ठगी की शिकायतें भी दर्ज मिली हैं।डीसीपी वेस्ट के अनुसार, आरोपी टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन गेमिंग एप, स्टॉक ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश का लालच देकर ठगी को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीसामऊ निवासी सुमित कश्यप और कर्नलगंज निवासी नवीन श्रीवास्तव के रूप में हुई है।दोनों आरोपी रावतपुर के केशवपुरम इलाके में किराए के मकान में रहते थे और बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर करते थे। पूछताछ में सामने आया कि वे चेक और एटीएम के माध्यम से पैसे निकालते थे ताकि ट्रांजेक्शन का ट्रेल खत्म किया जा सके।पुलिस ने आरोपियों के पास से 42 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ये खाते इंडसइंड बैंक, इंडियन बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक में पाए गए हैं।जांच में यह भी सामने आया है कि एक खाते में आठ अलग-अलग साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इसके अलावा देश के कई राज्यों से जुड़े मामलों में इन खातों का इस्तेमाल किया गया था।पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल और बैंक डिटेल्स की फॉरेंसिक जांच कर रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।