
मंडलायुक्त व डीआईजी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नवरात्रि, दुर्गा पूजा, रामलीला, दशहरा और मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार गौरीगंज में समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, बिजली, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि पूजा पंडालों के आयोजकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें हो चुकी हैं। आवश्यक स्थलों पर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने के साथ रामलीला स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। विसर्जन मार्गों की मरम्मत, घाटों पर प्रकाश, पार्किंग, नाव और नाविकों की व्यवस्था की जा रही है।पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों की ड्रोन से निगरानी की गई है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। डीआईजी सोमेन बर्मा ने सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।मंडलायुक्त ने एसडीएम और सीओ को प्रतिदिन संयुक्त भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा कमियों को तुरंत दूर कराने को कहा। विसर्जन स्थलों पर सफाई, झाड़ियों की कटाई और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीडीओ पूजा साहू, एडीएम ज्योति सिंह, एडीएम न्यायिक अमृता सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।