news-details

नवरात्रि की तैयारियों पर पुलिस की बैठक

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़  कानपुर। शारदीय नवरात्रि को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कानपुर कमिश्नरेट पुलिस सभागार में बैठक हुई। इसमें मंदिर, डांडिया, रामलीला और दुर्गा पूजा समितियों के 200 से अधिक पदाधिकारी शामिल हुए। एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा ने निर्देश दिए कि डांडिया और गरबा आयोजनों में नशे का सेवन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। प्रवेश व्यवस्था की जिम्मेदारी भी आयोजन समितियों की होगी।उन्होंने पंडालों को मजबूत बनाने और पीडब्ल्यूडी से सुरक्षा प्रमाणपत्र लेने के निर्देश दिए। बैठक में जर्जर सड़कों, नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और मार्ग प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। समितियों की शिकायत पर नगर निगम अधिकारियों को जर्जर सड़कों पर जल्द पैचवर्क कराने के निर्देश दिए गए।किदवई नगर जंगली देवी मंदिर समिति ने नौ दिनों तक मंदिर मार्ग पर वाहनों का आवागमन रोकने के लिए बैरिकेडिंग की मांग की। अर्मापुर दुर्गा पूजा समिति ने पनकी के कृत्रिम तालाब में पर्याप्त पानी और विसर्जन स्थल पर बिजली व्यवस्था की मांग रखी।डांडिया-गरबा के लिए अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है। आयोजनों में महिला पुलिस, महिला वालंटियर, अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी की व्यवस्था भी समितियों को करनी होगी। शोभायात्रा में निर्धारित सीमा में ही साउंड रखने और पार्किंग की उचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए।