
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कानपुर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर में भक्तों ने माता रानी को चुनरी और नारियल चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में मन्नत के 506 दीपक जलाए गए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। पूरे परिसर में जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे। घाटमपुर स्थित मां कूष्मांडा देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर के बाहर मुख्य मार्ग तक करीब आधा किलोमीटर तक श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। महापौर प्रमिला पांडे ने भी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उन्होंने मंदिरों में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। जूही के बारह देवी मंदिर, कल्याणपुर के आशा देवी मंदिर, लाल बंगला और बंगाली मोहाल के काली मंदिर में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की।बिल्हौर के सुभानपुर स्थित निषाठी देवी मंदिर और पुरवामीर के मां कात्यायनी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मां कात्यायनी मंदिर में शतचंडी यज्ञ, सुबह-शाम आरती और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। कन्या पूजन के दिन भंडारे का आयोजन भी होगा। श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और मनोकामना पूर्ति के लिए माता रानी से प्रार्थना की।