
तनिश सिंह
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। शुक्लागंज में प्रस्तावित नवीन गंगा पुल निर्माण परियोजना के लिए गुरुवार को मिश्रा कॉलोनी में ध्वस्तीकरण अभियान जारी रहा। राजस्व विभाग और सेतु निगम की संयुक्त टीम ने पोकलैंड मशीन की मदद से तीन और मकानों को जमींदोज कर दिया। इसके साथ ही अब तक कुल 10 मकानों को हटाया जा चुका है।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पुल निर्माण की जद में कुल 38 मकान आ रहे हैं, जिनमें से 28 भवनों को अभी और हटाया जाना है। प्रभावित सभी भवन स्वामियों को नियमानुसार मुआवजा दिया जा चुका है तथा मकान खाली करने के लिए पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे।अभियान के दौरान लेखपाल आशू श्रीवास्तव, फाजिल अंसारी तथा सेतु निगम के जूनियर इंजीनियर कुंदन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि जेसीबी मशीन में तकनीकी खराबी आने के बाद ध्वस्तीकरण कार्य पोकलैंड मशीन से कराया जा रहा है।कार्रवाई के दौरान कई परिवार अपने मकानों से दरवाजे, खिड़कियां और अन्य घरेलू सामान निकालते नजर आए। प्रशासन का कहना है कि पुल निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए बाधा बन रहे सभी भवनों को हटाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक ध्वस्तीकरण अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि नवीन गंगा पुल परियोजना का निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके।