
दो दिन पहले काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था
पारदर्शी न्यूज कानपुर। कानपुर के नवाबगंज थाना क्षेत्र में दो दिन पहले मिले अज्ञात शव की रविवार को शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी 45 वर्षीय मनोज सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शिनाख्त के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक के बेटे यश प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पिता मनोज सिंह सिंहपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार ने जब उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। इसके बाद रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछताछ कर उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।शनिवार को नवाबगंज थाना क्षेत्र के मकड़ीखेड़ा के पास एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया था।रविवार को सोशल मीडिया पर शव मिलने की सूचना देखने के बाद परिजन नवाबगंज थाने पहुंचे। वहां पुलिस ने शव की फोटो दिखाई, जिसके आधार पर बेटे यश ने शव की पहचान अपने पिता मनोज सिंह के रूप में की।नवाबगंज थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार देर शाम शव मिलने की सूचना मिली थी। काफी प्रयास के बावजूद तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी थी। रविवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर शव की पहचान की है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। यदि तहरीर दी जाती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।