
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। विशुनपुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत नरचोचवा में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पेयजल योजना को लेकर सोशल मीडिया पर उठे सवालों पर जल निगम (ग्रामीण) ने सफाई दी है। अधिशासी अभियंता सुनील कुमार के अनुसार, योजना के अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और मार्च 2027 तक नियमित जलापूर्ति शुरू कराने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि ट्यूबवेल, पंपिंग प्लांट और पंप हाउस का निर्माण पूरा हो चुका है। 450 किलोलीटर क्षमता वाले ओवरहेड टैंक का निर्माण भी कराया जा चुका है। बाउंड्रीवाल और गेट का करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा है। प्रस्तावित 23.14 किलोमीटर पाइपलाइन में से 22.62 किलोमीटर बिछाई जा चुकी है। विभाग ने सभी 958 घरों में जल कनेक्शन उपलब्ध कराने का दावा किया है। फिलहाल डीजी सेट से पंपिंग कर पाइपलाइन की टेस्टिंग और जलापूर्ति का ट्रायल किया जा रहा है।
पीपल के पेड़ से रुका सोलर कार्य
जलकल परिसर में स्थित पीपल के पेड़ को हटाने पर ग्रामीणों की आपत्ति के कारण सोलर सेट नहीं लग पाया है। ग्रामीण अमरनाथ गोंड़ की शिकायत पर सीडीओ ने संयुक्त जांच समिति गठित की थी। समिति ने स्थलीय निरीक्षण कर कनेक्शन और पानी पहुंचाने के ट्रायल की पुष्टि की। विभाग के अनुसार, शेष कार्य पूरे होने के बाद ही नियमित जलापूर्ति शुरू हो सकेगी।