नहर में कूदी 35 वर्षीय महिला, ग्रामीणों ने बचाई जान
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। खड्डा क्षेत्र के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर स्थित गुलहरिया रेगुलेटर पुल से शनिवार सुबह करीब 35 वर्षीय महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। महिला को नहर में कूदते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नहर में छलांग लगाई और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस की मदद से महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहां पहुंचाया गया।चिकित्सकों ने महिला का उपचार किया और उसकी हालत सामान्य बताई। स्वास्थ्य में सुधार के बाद महिला को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार महिला की पहचान सुनैना यादव (35), पत्नी नगीना यादव, निवासी ग्राम मठिया के रूप में हुई है।ग्रामीणों की तत्परता और साहस के चलते महिला को समय रहते नहर से बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।