
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर नगर निगम के टेंडर में अनियमितताओं की जांच मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने पूरी कर गोपनीय रिपोर्ट शासन को भेज दी है। मंडलायुक्त के अनुसार जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। जांच में नगर निगम में करीब 15 से 20 फर्मों के कॉकस की बात सामने आई, जो कथित तौर पर बार-बार टेंडर हासिल कर रही थीं। जांच के बाद पांच फर्मों को ब्लैकलिस्ट किया गया, जबकि छह ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। सीडीओ अनुभव जे. जैन की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति ने फर्मों के पंजीकरण और टेंडर से जुड़े दस्तावेजों की जांच की, जिसमें कई गड़बड़ियां मिलीं। पुलिस की एसआईटी सिंडिकेट से जुड़े गोविंद शर्मा से भी पूछताछ कर रही है। मंडलायुक्त ने कहा कि अब आगे की कार्रवाई शासन स्तर से होगी।