
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में सौंपे जाने के विरोध में गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। दोपहर से ही कर्मचारी नगर निगम परिसर में एकत्र होने लगे और कुछ ही देर में सैकड़ों की संख्या में जुटकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। नगर निगम परिसर “इंकलाब जिंदाबाद” और “निजीकरण बंद करो” जैसे नारों से गूंज उठा। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा निजी कंपनी के टेंडर को निरस्त नहीं किया गया तो वे कार्यबहिष्कार करने को मजबूर होंगे।उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री अजीत बाघमार ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपकर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पहले भी दो आम सभाएं की जा चुकी हैं और कई बार नगर आयुक्त से मिलने के लिए पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक कोई समय नहीं दिया गया।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं बदला गया तो सफाई कर्मचारी कार्यबंदी की घोषणा करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।प्रदर्शन के दौरान रमाकांत मिश्रा, विनोद रावत, हरिओम बाल्मीकि और चमन खन्ना सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।