
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। न्यू कानपुर सिटी परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण ने 21 काश्तकारों से लगभग 1.9 हेक्टेयर भूमि खरीदकर उसे अपने नाम दर्ज करा लिया है। इसके बदले किसानों को सर्किल रेट के चार गुना मूल्य के आधार पर कुल 7.51 करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट वितरित किए गए। न्यू कानपुर सिटी परियोजना के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह की देखरेख में भूमि खरीद की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान आशीष कटियार, अरुणिमा कटियार, मुन्नी कुरील, आनंद प्रताप सिंह, मीना शर्मा, तनिष शर्मा, कीर्ति शर्मा, निखिल शर्मा, रूबी सिंह, विवेक रस्तोगी, रवी कुमार, संजय गुप्ता, राजा शुक्ला, सौरभ शुक्ला, अनुज कुमार, सविता शुक्ला और शिशिर कटियार सहित कुल 21 काश्तकारों को भुगतान किया गया।केडीए अधिकारियों के अनुसार अगले तीन दिनों में 19 अन्य काश्तकारों से करीब 1.7 हेक्टेयर भूमि खरीदने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए 4.31 करोड़ रुपये के डिमांड ड्राफ्ट और चेक तैयार कर लिए गए हैं तथा बैनामे की ऑनलाइन प्रक्रिया जारी है।डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि न्यू कानपुर सिटी परियोजना के लिए आपसी सहमति के आधार पर अब तक बड़ी मात्रा में भूमि खरीदी जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को लगभग 392 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।परियोजना के लिए आपसी सहमति से भूमि खरीद के साथ-साथ 55.0709 हेक्टेयर भूमि के अर्जन की प्रक्रिया भी जारी है। भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन अधिनियम-2013 तथा उत्तर प्रदेश नियमावली-2016 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
न्यू कानपुर सिटी परियोजना के लिए आपसी सहमति के आधार पर बड़ी मात्रा में भूमि का क्रय किया जा चुका है। इसके बदले किसानों को अब तक लगभग 392 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।-एसडीएम डॉ. रवि प्रताप सिंह
