
पारदर्शी विकास , महोबा। जनपद के चर्चित नीट छात्रा मामले में फरार चल रहे 2 और आरोपियों को गिरफतार करने में पुलिस को सफलता मिली है। इस मामले से सम्बन्धित 3 आरोपियों को पहले ही पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कोतवाली नगर महोबा, जनपदीय एसओजी एवं सर्विलांस टीम ने चर्चित नीट छात्रा के अपहरण प्रकरण में वांछित 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में ही प्रकरण से संबंधित 3 नफर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जनपद छतरपुर (म०प्र०) निवासी एक मां द्वारा थाना कोतवाली नगर महोबा पर अपनी पुत्री (उम्र लगभग 25 वर्ष) के गुमशुदा होने के संबंध में तहरीर प्रदान की गयी थी जिसके संबंध में थाना कोतवाली नगर में मु.अ.सं. 202/26 धारा 87/351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपहृता की सकुशल बरामदगी हेतु 4 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों द्वारा सतत एवं प्रभावी प्रयास करते हुए 16 मई 2026 अपहृता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। जिसके उपरान्त अपहृता के न्यायालयीन कथनों एवं विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 70(1)/127(4)/115(2)/61(2) बीएनएस एवं धारा 3(2)(5क)/3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। इसी दौरान सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त वीडियो, विवाह प्रमाण-पत्र तथा उच्च न्यायालय में दायर संयुक्त रिट याचिका जैसे तथ्यों को भी विवेचना में सम्मिलित करते हुए प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर अरूण कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली नगर महोबा पुलिस, जनपदीय एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान उक्त अभियोग से संबंधित 2 अन्य वांछित अभियुक्तगण को गिरफ्तार किया गया है। जिनकी पहचान हल्लू उर्फ अजेश उर्फ बृजेश पुत्र महेन्द्र राजपूत उम्र करीब 23 वर्ष। मोहित पुत्र तेजराम धोबी उम्र करीब 21 वर्ष निवासीगण ग्राम पठा, थाना लवकुशनगर, जनपद छतरपुर (म०प्र०) के रूप में हुई है जिन्हें पसवारा मोड़ से कबरई की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय महोबा के समक्ष पेश किया जा रहा है।