
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक शुरू हो गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए हैं। बैठक का मुख्य फोकस ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समावेशी मानव विकास की रणनीति तैयार करना है।इस साल की थीम ‘समावेशी मानव विकास’ रखी गई है, जिसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार, पोषण, उद्यमिता और डिजिटल गवर्नेंस जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि 2047 तक हर नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचे और देश को विकसित राष्ट्र की श्रेणी में लाया जाए।बैठक में विशेष रूप से राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय, क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने और मानव संसाधन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही दिसंबर 2025 में हुए मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की सिफारिशों पर भी विचार किया जाएगा।इस बार बैठक में कई नए चेहरे भी शामिल हुए हैं, जिनमें गैर-भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री पहली बार हिस्सा ले रहे हैं। इसे केंद्र और राज्यों के बीच सहकारी संघवाद को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार अधिक भागीदारी और व्यापक चर्चा पर जोर दिया गया है।नीति आयोग की यह बैठक भारत के दीर्घकालिक विकास रोडमैप को तय करने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है, जिसमें 2047 तक देश को विकसित बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करने पर फोकस किया जा रहा है।