
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। जनसामान्य तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में फैजुल्लागंज स्थित बसंत विहार कॉलोनी के बाल निकुंज परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह संस्थाओं द्वारा आयोजित 69वां स्वास्थ्य शिविर था, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही पात्र लाभार्थियों के लिए निःशुल्क आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे 60 लोगों को लाभ मिला।स्वास्थ्य शिविर में कुल 246 लोगों ने अपनी जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त किया। जांच के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। लाभार्थियों में उमा अवस्थी (46 वर्ष) को बीपी एवं शुगर संबंधी समस्या, भीम कश्यप (49 वर्ष) को बीपी एवं शुगर तथा प्रेम देवी (49 वर्ष) को पैरों की समस्या के लिए उपचार और परामर्श दिया गया।इसके अलावा संतोष गुप्ता, अनीता देवी, अंजली यादव, पूजा तिवारी, दुर्गेश कुमार, दीपक गुप्ता समेत अनेक लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। सभी लाभार्थियों को नि:शुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।चिकित्सकों की टीम ने लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। शिविर में स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने पर स्थानीय लोगों ने आयोजकों और चिकित्सकों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।