
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भाजपा पार्षद ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। मानसून से पहले नगर निगम द्वारा नालों की सफाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद नाला साफ नहीं होने पर पार्षद ने नाले में खड़े होकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने नाले के अंदर ही केक काटकर नगर निगम प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचा।मामला नगला धनी और नई विजय नगर कॉलोनी क्षेत्र का है। यहां लंगड़े की चौकी नाला काफी समय से सफाई के अभाव में बदहाल स्थिति में है। यह नाला जीवनी मंडी रोड से होकर गुजरता है और इसकी लंबाई करीब दो किलोमीटर है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाले का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा भूमिगत है और पिछले करीब 14 वर्षों से इसकी सफाई नहीं कराई गई है।भाजपा पार्षद किशन नायक ने बताया कि नाला सफाई को लेकर उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की। उन्होंने इस संबंध में करीब 12 शिकायतें कीं। इसके अलावा सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने भी मौके का निरीक्षण किया, लेकिन इसके बाद भी सफाई कार्य शुरू नहीं हुआ।नाले में एक से तीन फीट तक सिल्ट जमा होने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। क्षेत्रीय लोगों को आशंका है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और बढ़ सकती है।सुनवाई नहीं होने से नाराज पार्षद गुरुवार को केक लेकर नाले पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने नाले के अंदर एक मेज लगाई, जिस पर पार्षद ने खड़े होकर केक काटा। इस दौरान लोगों ने नगर निगम प्रशासन और स्मार्ट सिटी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की।विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं, जो पार्षद के इस अनोखे प्रदर्शन पर तालियां बजाते नजर आ रहे हैं। पार्षद का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं बल्कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान कराना है। उन्होंने प्रशासन से जल्द नाला सफाई कराने की मांग की है।