
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। केस्को की नई प्रबंध निदेशक नेहा जैन ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और केस्को परिसर के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एमडी बिल संशोधन केंद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने शिकायत निस्तारण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान की स्थिति के बारे में भी चर्चा की। इसके बाद उन्होंने परेड स्थित बिजली घर और भंडार कार्यालय का भी जायजा लिया।नेहा जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आईजीआरएस सहित सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के समाधान के बाद उपभोक्ताओं से फीडबैक लेना अनिवार्य किया जाए, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर हो सके।आईएएस नेहा जैन 2014 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की अधिकारी हैं। इससे पहले वह विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग और यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थीं।