
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में नाबालिग भांजी से दुष्कर्म के आरोपी सगे मामा को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां ने रविवार को बंथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी, जो कक्षा सात की छात्रा है, तीन दिन पहले अपनी ननिहाल आई थी। आरोप है कि रविवार सुबह आरोपी मामा नशे की हालत में घर पहुंचा और किशोरी को जबरन कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।घटना के दौरान किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी की पत्नी उसे बचाने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।मामला दर्ज होने के बाद बंथरा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर 32 वर्षीय आरोपी को नरायनपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और तथ्यों का भी संकलन किया जा रहा है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।